भिलाई नगर के सुपेला थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
थाने से कुछ ही कदम की दूरी पर संचालित एक्वा स्पा सेंटर में दो वरिष्ठ महिला अधिकारियों ने टीम के साथ दबिश दी।
इस छापे की जानकारी खुद सुपेला थाना प्रभारी को भी नहीं थी।
कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर और डीएसपी भारती मरकाम ने किया।
दोनों अधिकारियों ने अपनी टीम के साथ देर रात स्पा सेंटर में पहुंचकर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि एक्वा स्पा सेंटर लंबे समय से संचालित था और यहां संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
रेड के दौरान पुलिस टीम को चार युवक और पांच से छह युवतियां मौके पर मिलीं।
स्पा सेंटर का मैनेजर दीपक भी वहां मौजूद था।
मौके से दस्तावेजों की जांच की जा रही है और पुलिस ने कई अहम साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन लोगों पर कार्रवाई की गई है या कितने लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि थाने से महज़ कुछ कदम की दूरी पर यह सेंटर इतने लंबे समय से कैसे संचालित हो रहा था, और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में भी स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई हुई थी।
लगातार सामने आ रही इन रेडों ने शहर के ऐसे सेंटर्स की कार्यप्रणाली और पुलिस की भूमिका—दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

