केंद्र और राज्य सरकार की महती योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ नागरिकों तक पहुँचाने के लिए भिलाई में 10 से 14 अगस्त तक शिविर लगाए गए हैं। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार नेहरू नगर सियान सदन में आयोजित इस शिविर में योजना के लाभों की जानकारी दी जा रही है और इच्छुक उपभोक्ताओं का पंजीयन कराया जा रहा है।
लोगों को अपने घरों की छत या खाली स्थान पर ऑन-ग्रिड सोलर पैनल सिस्टम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना के तहत प्रतिमाह 300 यूनिट बिजली तक उपयोग करने पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है। साथ ही, बैंकों द्वारा 6 से 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
2 किलोवाट तक सोलर सिस्टम पर राज्य सरकार से 30 हजार और केंद्र से 60 हजार, जबकि 3 किलोवाट तक राज्य से 30 हजार और केंद्र से 78 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
ऑन-ग्रिड सिस्टम लगाने पर अतिरिक्त बची बिजली को सीएसईबी स्टोर करेगा और जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता को वापस उपलब्ध कराएगा। यह जानकारी नगर पालिका निगम भिलाई के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू ने दी।

