नगर पालिका निगम भिलाई पर बिजली बिल का करोड़ों रुपए बकाया है लेकिन बिजली बिल का भुगतान करने को लेकर निगम अधिकारियों ने हाथ खड़े कर दिए हैं और राज्य शासन से बिजली बिल का भुगतान करने अनुरोध किया है। वहीं दूसरी ओर नगर निगम भिलाई के कुछ खेल मैदान या कहे स्टेडियम चोरी की बिजली से रोशन हो रहे हैं। शांति नगर का खेल मैदान हो या फिर हाउसिंग बोर्ड का सभी जगह कटिया मारकर बिजली का भरपूर उपयोग किया जा रहा है जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा होने लगा है। जिनके द्वारा भी कटिया का इस्तेमाल कर स्टेडियम को रोशन किया जा रहा है उनके दुसाहस को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि दिन में भी कटिया खेल मैदान के समीप से गुजरते बिजली के वायरों में लगी रहती है। आमतौर पर कटिया मारकर चोरी की बिजली का इस्तेमाल करने वाले लोगों द्वारा दिन में विद्युत विभाग की कार्रवाई से बचने कटिया को निकाल दिया जाता है। और रात होते ही फिर से कटिया को बिजली के वायरों में लगा दिया जाता है। हुडको के क्रिकेट स्टेडियम में भी चोरी की बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था जिसे बीएसपी के अधिकारियों द्वारा काट दिया गया। बॉक्स क्रिकेट मैदान में भी चोरी की बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। शांति नगर के स्टेडियम में भी इसी कार्य को दोहराया जा रहा है हाउसिंग बोर्ड के क्रिकेट मैदान का भी यही हाल है नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों को इस बात की जानकारी है अथवा नहीं इस संबंध में तो कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन दोनों ही विभागों के अधिकारियों की आवाजाही इन स्थानों से निरंतर बने रहती है। अधिकारी इसे देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं या फिर यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है इस संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता।

