स्मृति गृह निर्माण सहकारी संस्था द्वारा निशुल्क समर कैम्प

भिलाई के स्मृति नगर में पिछले 17 वर्षों से आयोजित हो रहा निशुल्क समर कैंप इस वर्ष भी बच्चों और महिलाओं के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का बड़ा मंच साबित हुआ। स्मृति गृह निर्माण सहकारी संस्था द्वारा आयोजित इस समर कैंप में 22 विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 1000 से अधिक बच्चों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, स्केटिंग, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, योग, शतरंज, ड्राइंग, संगीत, स्पोकन इंग्लिश, मेहंदी, कुकिंग और सिलाई-कढ़ाई जैसी कई गतिविधियों में प्रतिभागियों ने 36 दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

रवींद्रनाथ टैगोर उद्यान, स्मृति नगर में आयोजित रंगारंग समापन समारोह में प्रतिभागियों ने अपने हुनर और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों के कारण स्मृति नगर ने भिलाई में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने संस्था और स्मृति नगरवासियों के साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।

संस्था के अध्यक्ष राजीव चौबे ने बताया कि पिछले 19 वर्षों में अधोसंरचना विकास के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया गया है। आज स्मृति नगर में कई खेलों का प्रशिक्षण वर्षभर संचालित हो रहा है और यहां के सैकड़ों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, प्रतिभागी बच्चे और स्मृति नगरवासी उपस्थित रहे। समर कैंप का यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और नई प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

By editor