भिलाई। नगर निगम क्षेत्र कोहका कुरूद आदि स्थानों में अवैध प्लाटिंग का कार्य धड़ल्ले से जारी है निगम की निरंतर कार्रवाई के बावजूद अवैध प्लाटिंग के कार्य में लगे लोगों के हौसले बुलंद है और ऐसे तत्व लोगों को गुमराह कर प्लाट बेचने का कार्य कर रहे हैं। इसी के तहत वार्ड क्रं. 22 कुरूद में हो रहे 200 से अधिक अवैध प्लाटिंग के विरूद्व कार्यवाही की गई। वार्ड क्रं. 22 शीतला तालाब कुरूद से लगे हुए क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। वहां पर प्लाट विक्रेताओ द्वारा छोटे-छोटे प्लाट काटकर मार्किंग की गई थी। स्थानीय दलाल सक्रिय होकर लोगो को दिग-भ्रमित करके प्लाट बेच रहे थे। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, कार्यपालन अभियता विनीता वर्मा को लेकर क्षेत्र का निरीक्षण करने गये थे मौके पर शिकायत सही पाई गई। उन्होने वहीं से जोन आयुक्त येशा लहरे, भवन अनुज्ञा अधिकारी अरविंद शर्मा को फोन किया कि तत्काल अपना दल लेकर आए और अवैध प्लाटिंग के विरूद्व कार्यवाही करें। जोन आयुक्त ऐशा लहरे अपने दल के साथ मौके पर पहुंची और 200 से अधिक अवैध प्लाटों के समस्त लैण्ड मार्क को हटवाया । कार्रवाई के दौरान प्लाट विक्रेताओं द्वारा किसी प्रकार का प्रतिरोध नहीं किया गया।

