हादसा या हत्या की कोशिश जांच का विषय

भिलाई। बीते 3 अप्रैल को एक महिला आग में जलकर घायल हो जाती है। गंभीर अवस्था में घायल महिला को उसके ससुराल वाले पहले जिला अस्पताल लेकर जाते हैं फिर मेकाहारा हॉस्पिटल रायपुर रिफर किया जाता है। आग से जलने की सूचना विवाहिता के परिजनों को अन्य रिस्तेदारों से 6 अप्रैल को मिलती है। महिला के ससुराल पक्ष से आग लगने की कोई सूचना मायके वालों को नहीं दी गई थी। संदेह होने पर जब रिश्तेदार महिला के घर पहुंची तो उन्हें आग लगने  और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। छावनी पुलिस के अनुसार महिला का बयान लिया गया है। वहीं महिला के पुत्र का कहना है कि उसके सामने ही उसकी मां को आग लगाई गई है। बिहार से भिलाई पहुंचे महिला के परिजनो ने 9 अप्रैल बुधवार को छावनी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से ससुराल पक्ष वालों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद परिजन वापस लौट गए। 
महिला के पिता अशोक साव जिला नालन्दा बिहार ने पुलिस को बताया कि मैंने अपनी बेटी नीतु कुमारी की शादी संतोष साव कैंप 1 शास्त्रीनगर भिलाई के साथ सन 2008 में कराई थी। जब से शादी हुई है तब से मेरी बेटी को ससुरालवालों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। मेरी बेटी को आग के हवाले कर दिया गया और वो मेकाहारा हॉस्पिटल में मौत से जंग लड़ रही है। कुछ साल पहले महिला थाने में मेरी बेटी और दामाद का काउंसलिंग भी हुआ था। 30 अप्रैल 2025 को बेटी माइके गई थी। 1 अप्रैल को साउथ बिहार एक्सप्रेस से भिलाई के लिए रवाना हुई। 2 अप्रैल को भिलाई ससुराल पहुंची। भिलाई पहुंचते ही उसके साथ ससुरालवालों पति संतोष साव, सास मुन्नी देवी, ससुर गोविंद साव, ननद सपना देवी द्वारा मारपीट की गई। 3 अप्रैल को बेटी को आग लगा दी गई। बेटी का इलाज मेकाहारा हॉस्पिटल में चल रहा है। बेटी द्वारा दिए गए बयान पर हमें संदेह है। वह बहुत डरी हुई है। बहरहाल छावनी थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

By editor