छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शपथ लेने वाले नवनियुक्त कैबिनेट मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
मुख्यमंत्री ने गजेंद्र यादव, गुरु सुखवंत साहेब और राजेश अग्रवाल के उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए विश्वास जताया कि तीनों मंत्री अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता से जनसेवा में पूर्ण समर्पण के साथ जुटेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामूहिक सहयोग और प्रतिबद्धता के बल पर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयासरत रहेगी।
नए कैबिनेट मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिए गए हैं।
गजेंद्र यादव को स्कूली शिक्षा, ग्राम उद्योग, विधि और विद्यार्थी कार्य विभाग सौंपा गया है।
गुरु सुखवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और अनुसूचित जाति विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
वहीं राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग का कार्यभार सौंपा गया है।

