भिलाई में खेल प्रतिभाओं को संवारने का एक बेहतरीन मंच देखने को मिला, जहां दो दिवसीय कोनाइके इनविटेशनल टेनिस टूर्नामेंट का आज भव्य समापन हुआ। इस मौके पर अर्जुन अवार्डी और ओलम्पियन टेनिस खिलाड़ी जे. विष्णुवर्धन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और कैश प्राइज देकर सम्मानित किया और युवा टेनिस खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान उन्होंने न केवल खिलाड़ियों से संवाद किया, बल्कि पैरेंट्स से भी खुलकर बातचीत करते हुए टेनिस जैसे खेल में धैर्य, निरंतर अभ्यास और लंबी मेहनत की अहमियत को समझाया।
जे. विष्णुवर्धन ने कहा कि भिलाई में टेनिस को लेकर बेहद सकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि अक्सर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे जल्द से जल्द टॉप पर पहुंचें, लेकिन टेनिस ऐसा खेल है जहां सालों की प्रैक्टिस और संघर्ष के बाद ही सफलता मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट और इवेंट्स बच्चों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म देते हैं, जिससे वे आगे बढ़ सकते हैं और अपने खेल को निखार सकते हैं।
विष्णुवर्धन ने राज्य सरकारों से भी अपील की कि स्पोर्ट्स को लेकर बेहतर और मजबूत पॉलिसी लाई जाए, ताकि गरीब और टैलेंटेड खिलाड़ी भी संसाधनों की कमी के बावजूद आगे आ सकें और देश का नाम रोशन कर सकें।
गौरतलब है कि भिलाई के इंटरनेशनल टेनिस कॉम्प्लेक्स में बीते दो दिनों से यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन किया।

