जशपुर पुलिस द्वारा म्यूल अकाउंट के विरुद्ध अभियान छेड़ा गया है। जशपुर जिले में पहली बार पुलिस में फर्जी खाता धारकों के खिलाफ एफआईआर की है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम खगेश्वर राम और मनजीत नायक बताए गए हैं। गौरतलब है कि आजकल अपराधियों के द्वारा साइबर ठगी करने और अन्य अवैध लेनदेन के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं इसी का एक उदाहरण म्यूल अकाउंट है। जिसमें अपराधियों द्वारा खाताधारकों को रुपए का लालच देकर उनके खातों को किराए पर लिया जा रहा था साथ ही एटीएम और खाता से लिंक मोबाइल नंबर को अपराधियों के द्वारा अपने पास रखा जाता है इसके माध्यम से अपराधी अवैध रुपए का लेनदेन करते हैं इसके एवज में खाताधारक को एक निश्चित रकम दी जाती है। इसी के तहत पुलिस को कुछ म्यूल अकाउंट के द्वारा अवैध रूप से लेनदेन की जानकारी मिल रही थी जिसके आधार पर जशपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व और दिशा निर्देश में संदेही म्यूल अकाउंट के विरुद्ध जांच करते हुए जिले के तीन थाना क्षेत्र दुलदुला कुनकुरी और पत्थलगांव में तीन म्यूल अकाउंट के विरुद्ध अपराध दर्ज कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। मामले में दो और अन्य आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है। पकड़े गए खाताधारकों ने पुलिस को बताया कि वह अपने खाते को आरोपियों को किराए पर दिए हुए हैं उनका एटीएम कार्ड खाता से लिंक मोबाइल नंबर को ले लिया गया है जिससे वह रुपए का लेनदेन करते हैं। इस पूरे मामले की जानकारी जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने दी।

