पूर्व IAS जे.के. ध्रुव के ठिकानों पर ED का छापा

भिलाई और रायपुर में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की टीम ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी जे.के. ध्रुव से जुड़े ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई शुरू की। सुबह करीब 6 बजे केंद्रीय एजेंसियों की टीम भिलाई के सेक्टर-10 स्थित निवास समेत तीन अलग-अलग स्थानों पर पहुंची और दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से जुड़े कथित भुगतान घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। बताया जा रहा है कि वित्तीय लेन-देन और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

वहीं, पूर्व सचिव अमृत खलखो के बच्चों के डिप्टी कलेक्टर पद पर हुए कथित संदिग्ध चयन से जुड़े मामलों के तार भी जांच एजेंसियों के रडार पर बताए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के चर्चित भर्ती और भुगतान घोटालों की जांच के बीच भिलाई एक बार फिर जांच एजेंसियों का केंद्र बन गया है।

हालांकि, इस पूरे मामले में ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन इस कार्रवाई ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

By editor