पुरुष आयोग और सड़क सुरक्षा को लेकर युवक निकले भारत भ्रमण पर

भिलाई। महिला आयोग की तरह पुरुष आयोग के गठन करने की मांग और राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा को लेकर कई प्रदेशों के युवाओं का दल एक साथ सामूहिक रूप से भारत भ्रमण की यात्रा पर निकला है। भारत भ्रमण किया यात्रा 31 मई को आंध्र प्रदेश से शुरू की गई थी। विभिन्न प्रदेशों से होते हुए युवक शनिवार को नागपुर जाने के दौरान सेक्टर 10 गुंडिचा परिसर में रुके। यहां सेक्टर 10 की पार्षद सुभद्रा सिंह ने भारत भ्रमण पर निकले युवकों के लिए खाने-पीने सहित अन्य चीजों की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई। तत्पश्चात वार्ड पार्षद सुभद्रा सिंह और सभी बाइकर्स का सम्मान उपस्थित लोगों द्वारा किया गया। भारत भ्रमण पर निकले युवक टूरा फाउंडेशन के जरिए वार्ड पार्षद तक पहुंचे थे। भारत भ्रमण का उद्देश्य बताते हुए युवकों ने कहा कि जिस तरह महिला आयोग का गठन किया गया है इस तरह पुरुष आयोग का गठन भी किया जाए। पुरुषों को भी बराबरी का हक मिले देश में पुरुष आत्महत्या की दर न्याय न मिलने की वजह से लगातार बढ़ती जा रही है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने उनके द्वारा जागरूकता अभियान को लेकर यह भारत भ्रमण यात्रा की जा रही है। जिसमें सभी प्रदेशों के युवक लगातार जुड़ते चले जा रहे हैं। सेक्टर 10 की वार्ड पार्षद सुभद्रा सिंह ने भी युवाओं की मांग का समर्थन करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।

By editor