दुर्ग।
थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के चार आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 पिस्टल, 01 देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस, 01 धारदार चाकू और 141 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की है। साथ ही शराब बिक्री की रकम 3920 रुपए भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं –
- पवन कुर्रे,
- कृष्ण कुमार जोशी,
- विनोद कुर्रे,
- सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पवन कुर्रे और कृष्ण कुमार जोशी पहले भी धारा 302 के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं।
मामला उस समय खुला जब ऑपरेशन “विश्वास” के तहत पुलिस को सूचना मिली कि कसारीडीह वार्ड क्रमांक 44 में आरोपी अपने घर में भारी मात्रा में अवैध शराब और हथियार छुपाकर रखे हुए हैं। विशेष टीम ने रेड कार्रवाई कर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पवन कुर्रे के घर से 93 पौवा देशी मसाला शराब, एक पिस्टल, कारतूस और धारदार चाकू बरामद किए गए। वहीं उसके भाई विनोद कुर्रे से मैग्जिन और तीन कारतूस, सूर्यदेव कोठारी से देशी कट्टा और दो कारतूस तथा कृष्ण कुमार जोशी से 48 पौवा शराब जब्त की गई।
आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 25/27 आर्म्स एक्ट और 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, थाना प्रभारी राजकुमार लहरे सहित विशेष टीम के निरीक्षक, उप निरीक्षक और जवानों का अहम योगदान रहा।

