दुर्ग जिले में इन दिनों चाकूबाजी की घटनाएं आम होती जा रही हैं। ताजा मामला भिलाई के सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है, जहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने दूसरे छात्र पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में छात्र के कंधे पर गहरा घाव हो गया और उसे 28 टांके लगाने पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। उनके समर्थन में एबीवीपी के छात्र भी स्कूल प्रांगण में पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। हंगामे की सूचना पर भिलाई नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। छात्र की परिचित सीमा देवी ने कहा कि मैडम के सामने इतना बड़ा हादसा हो गया, आखिर बच्चों की सुरक्षा का जिम्मा कौन लेगा। स्कूल में बच्चों पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से यह गंभीर घटना हुई है और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्कूल की प्रभारी प्रिंसिपल ने सफाई देते हुए कहा कि घटना स्कूल की छुट्टी के समय हुई, जब सभी बच्चे बाहर निकल रहे थे। उसी दौरान दो छात्रों के बीच बहस हुई और एक ने ब्लेड से हमला कर दिया। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल भेजा गया। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि सेक्टर-7 के स्वामी आत्मानंद स्कूल में दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक ने दूसरे को ब्लेड से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि दुर्ग जिले में इस वक्त चाकू बाजी और कटर बाजी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है शासन प्रशासन को जल्द ऐसी घटनाओं पर। पूर्णविराम लगाने की आवश्यकता है।।
दुर्ग जिले में चाकूबाजी की घटनाओं में इजाफा, फिर हुई छात्र पर हमला

