ठग डॉक्टर खंडूजा की संपत्तियों पर पुलिस का शिकंजा!

स्मृति नगर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपए की ठगी के चर्चित मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई तेज कर दी है। ठग डॉक्टर एमके खंडूजा की कोलकाता स्थित संपत्तियों की जांच शुरू हो चुकी है… और इसके लिए पुलिस ने पश्चिम बंगाल सरकार को आधिकारिक पत्र भी भेजा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉक्टर खंडूजा ने ‘बीएसआर हेल्थ वेंचर’ नाम की कंपनी बनाकर लोगों को निवेश के नाम पर झांसे में लिया था। आरोप है कि 15 प्रतिशत तक ब्याज देने का लालच देकर 200 से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपए जमा कराए गए… लेकिन समय आने पर निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर खंडूजा पर चिटफंड एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस अब उसकी चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है… ताकि उन्हें कुर्क कर नीलाम किया जा सके और ठगी के शिकार निवेशकों की रकम लौटाई जा सके।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अलग-अलग जिलों और राज्यों में भी संपत्तियां बनाई हैं… जिसकी जांच लगातार जारी है। इसी कड़ी में अब कोलकाता की प्रॉपर्टी पर भी पुलिस की नजर पहुंच चुकी है।

इस मामले में डॉक्टर खंडूजा का बेटा और पत्नी भी आरोपी बनाए गए हैं। फिलहाल डॉक्टर खंडूजा जेल में बंद है… जबकि उसकी पत्नी फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

फिलहाल इस हाई प्रोफाइल ठगी मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है… और अब निवेशकों को उम्मीद है कि जल्द ही उनकी डूबी हुई रकम वापस मिल सकेगी।

By editor