छत्तीसगढ़ मेहनतकश लोगों का प्रदेश: पूर्व सीएम भूपेश बघेल

भिलाई। छत्तीसगढ़ में 1 मई को बोरे बासी दिवस पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेक्टर 5 डोम शेड में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भिलाई महापौर नीरज पाल जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं श्रमिक साथियों के साथ बोरे बासी का पारंपरिक भोजन ग्रहण किया और श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ मेहनतकश लोगों का प्रदेश है। हमारे किसानों एवं श्रमिक बहनों-भाइयों ने अपने कंधों के बल पर देश और प्रदेश को संभाल कर रखा है। आज 1 मई मजदूर दिवस के अवसर पर मैं उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए एवं उन्हें सम्मान देते हुए बोरे बासी का आनंद ले रहा हू।
उन्होंने कहा कि बोरे बासी दिवस परंपरा की शुरुआत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा की गई थी ताकि मजदूरों के परिश्रम को सम्मान दिया जा सके और पारंपरिक खानपान के माध्यम से सांस्कृतिक जुड़ाव बना रहे। यह दिन केवल भोजन का नहीं बल्कि श्रम की गरिमा और मेहनतकश समाज की भूमिका को स्वीकार करने का प्रतीक है।
पूर्व सीएम ने कहा कि बोरे बासी जैसे व्यंजन छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ी वह विरासत हैं जो स्वास्थ्य, सादगी और सहभोज की भावना को बढ़ावा देती हैं।
मजदूर देश की रीढ़ हैं और उनके परिश्रम से ही समाज आगे बढ़ता है। उनका सम्मान केवल भाषणों में नहीं, उनके जीवन को बेहतर बनाने की नीतियों और प्रयासों में दिखना चाहिए।

By editor