कैबिनेट विस्तार…नए मंत्रियों के नाम तय, जल्द होगी घोषणा:आज रायपुर आएंगे संगठन मंत्री; आखिरी दौर की बातचीत के बाद लिस्ट होगी जारी

छत्तीसगढ़ सरकार में नए मंत्रियों का ऐलान अब कभी-भी हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नाम तय कर लिए गए हैं, सिर्फ घोषणा बाकी है। इससे पहले चुनावों की वजह से ये ऐलान टलता रहा। लेकिन अब नए मंत्रियों को साय कैबिनेट में शामिल करने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।

भाजपा के संगठन मंत्री शिवप्रकाश आज सोमवार रात तक रायपुर पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी नीतीन नबीन कल 8 अप्रैल को रायपुर पहुंच सकते हैं। ये दोनों ही नेता संगठन की बैठक लेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद मंत्री के नामों का ऐलान हो सकता है।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से कहा गया है कि दोनों ही नेता भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की वजह से रायपुर आ रहे हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि संगठन और सरकार के बीच एक आखिरी दौर की बातचीत होगी। इसके बाद नामों की घोषणा हो जाएगी। इसी माह नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण राजभवन में करवाए जाने की चर्चा है। हालांकि मीडिया के बार-बार पूछे जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय यही कहते रहे हैं, थोड़ा इंतजार करिए।

साय कैबिनेट में इस वक्त 11 मंत्री

साय कैबिनेट का जब गठन हुआ तो मुख्यमंत्री सहित 12 मंत्री थे हैं। प्रदेश में 13 मंत्रियों को कैबिनेट में रखा जाता रहा है। तो पहले से ही एक खाली था। लोकसभा चुनाव के समय बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दिया, तो 11 मंत्री बचे। कुल मिलाकर 2 मंत्रियों की जगह साय कैबिनेट में इस वक्त खाली है।

By editor