जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत 80 लाख रुपए कीमत का एक क्विंटल 83 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा को पकड़ा है साथ ही इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति अर्टिगा कार को भी जप्त किया है। तस्कर ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कार में गलत नंबर प्लेट लगाया था। आरोपियों की धर पकड़ के दौरान पुलिस को बाराती गाड़ी को भी कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था पुलिस की सर्चिंग टीम ने चार घंटे बाद फरार आरोपी को जंगल से ढूंढ निकाला। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। आरोपी का नाम रशीद अहमद है जो उड़ीसा का निवासी है। आरोपी कार से गांजा का परिवहन कर उसे अंबिकापुर ला रहा था। आरोपी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसमें गांजा भरा हुआ था। देर रात 3 बजे जंगल में किसी के कराहने की आवाज पुलिस ने सुनी पुलिस ने झाड़ियों में देखा तो पाया कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में झाड़ियों में छुपा बैठा है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना नाम राशीद अहमद उड़ीसा निवासी बताया।जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब और गांजे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है इस साल अभी तक पुलिस ने 572 किलो अवैध गांजा और 14 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब पकड़ी है।

