SMS-2 में देर रात तक धधकती रही आग, भिलाई स्टील प्लांट में हड़कंप

सेल के भिलाई इस्पात संयंत्र से देर रात बड़ी और गंभीर खबर सामने आई है।
सोमवार रात करीब पौने 10 बजे स्टील मेल्टिंग शॉप-2 यानी SMS-2 में अचानक आग लग गई,
जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

आग इतनी भीषण थी कि इसे काबू में करने में दमकल और प्लांट की फायर टीम को
करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
रात 12.30 बजे तक आग धधकती रही और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के मुताबिक, SMS-2 के तीनों कन्वर्टर इस आग की चपेट में आ गए।
मौके पर जमीन पर बिखरे हॉट मेटल को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है
कि कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ।

हॉट मेटल काफी दूर तक फैल गया,
जिसकी जद में आकर बिजली के केबल जल गए
केबल जलते ही पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई,
जिससे आग बुझाने के काम में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आग फैलते ही लगातार ब्लास्ट जैसी आवाजें आती रहीं,
जिससे कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।
सुरक्षा के मद्देनजर कई कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया।

इस आग की चपेट में कर्मचारियों के लिए बनाए गए लॉकर रूम भी आ गए।
कई लॉकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए,
जबकि आग बुझाने के लिए कई लॉकरों को तोड़ना भी पड़ा।
लॉकर में रखे कर्मचारियों के निजी सामान के जलने की पुष्टि हुई है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में
अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग पूरी तरह से बुझने के बाद ही
वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा।
प्रबंधन का अनुमान है कि इस हादसे में
करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।

फिलहाल, सुरक्षा कारणों से
हॉट मेटल प्रोडक्शन को डाउन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
कहां और कितना नुकसान हुआ है,
इसकी स्पष्ट जानकारी सुबह तक सामने आने की संभावना है।

पूरे मामले की जांच की जा रही है
ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

By editor