BSP में करोड़ों के लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा!

भिलाई स्टील प्लांट यानी BSP में करोड़ों रुपए के लोहे की संगठित चोरी का बड़ा मामला सामने आया है… जहां भिलाई-3 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अकलोलडी गांव स्थित एक गोदाम को सील कर दिया है। पुलिस को यहां से 100 टन से ज्यादा संदिग्ध लोहा बरामद हुआ है… जिसे BSP से चोरी कर लाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा खेल काफी लंबे समय से सुनियोजित तरीके से चल रहा था… और इसमें ट्रांसपोर्टर संजय सिंह की भूमिका सामने आ रही है। आरोप है कि ड्राइवरों की मदद से ब्लू डस्ट की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट के भीतर से भारी मात्रा में लोहा बाहर निकाला जाता था… और फिर उसे अलग-अलग गोदामों में खपाया जाता था।

हैरानी की बात ये है कि BSP जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में CISF की तैनाती और करीब 400 CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद चोरी का यह नेटवर्क लगातार सक्रिय था। बताया जा रहा है कि इस काम में क्रेन, पोकलेन और बुलडोजर जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था… जिससे करोड़ों रुपए का माल धीरे-धीरे बाहर निकाला जा रहा था।

पुलिस ने मौके से एक दर्जन से ज्यादा भारी वाहन जब्त किए हैं… वहीं गोदाम को भी सील कर दिया गया है। हालांकि मामले के मुख्य आरोपी ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं… जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई के बाद BSP की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं… कि आखिर इतनी कड़ी निगरानी के बावजूद करोड़ों के लोहे की चोरी कैसे होती रही।

By editor