भिलाई के सुपेला क्षेत्र में शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। सुपेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी टोमन दास साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि टोमन दास साहू लोगों को शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने और कम समय में अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देता था। इसी झांसे में आकर रायपुर निवासी दीपक गाडगे ने करीब 23 लाख रुपये, भीष्म महिलांग ने 15 लाख रुपये और पापा राव ने 10 लाख रुपये निवेश किए। लेकिन मुनाफा मिलने के बजाय सभी के साथ धोखाधड़ी हो गई।
शिकायत के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उसके घर और कार्यालय में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक कार, लैपटॉप, कंप्यूटर सिस्टम, मोबाइल फोन, चेकबुक, लेन-देन की डायरियां और कई दस्तावेज जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य पीड़ितों और लेन-देन की भी जांच जारी है।

