वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया GST 2.0 का वर्चुअल शुभारंभ

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित GST 2.0 अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। भिलाई चेम्बर कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में भिलाई के प्रमुख उद्योगपति और चेम्बर पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह प्रदेश में अपनी तरह का पहला वर्चुअल शुभारंभ कार्यक्रम था, जिसने भिलाई चेम्बर को नई ऊर्जा प्रदान की। वित्त मंत्री ओ.पी. मंत्री चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि GST 2.0 सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है, जो उपभोक्ताओं को लाभ और व्यापारियों को गर्व का अनुभव कराएगा। उन्होंने बताया कि GST लागू होने से पहले देश में 17 प्रकार के कर लगाए जाते थे, जो अब समाप्त हो चुके हैं। इससे भ्रष्टाचार में कमी आई है और व्यापारियों को तनावमुक्त व्यापार करने का अवसर मिला है। उन्होंने भिलाई चेम्बर की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि इसके प्रयासों से GST करदाताओं की संख्या बढ़ेगी और डिजिटल व सरल प्रक्रियाओं से व्यापारी जुड़ रहे हैं। ओ.पी. चौधरी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि किसी भी ईमानदार व्यापारी को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन टेक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों द्वारा अनुचित मांग की शिकायत होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की। व्यापारियों ने GST संशोधनों से संबंधित अपनी समस्याएं, विशेषकर कंपोजिशन स्कीम से जुड़ी परेशानियों को उठाया, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया। भिलाई चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हाल के GST संशोधनों का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। भिलाईचेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक ग्राहक को GST का लाभ मिले, इसके लिए चेम्बर कटिबद्ध है। व्यापारियों ने वित्त मंत्री को धन्यवाद देते हुए बताया कि उनकी पहल से सर्वे और चेकिंग जैसी परेशानियां कम हुई हैं। यह अभियान न केवल व्यापारियों को सशक्त बनाएगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, जिससे छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने GST 2.0 अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया। भिलाई चेम्बर अब बाजार-बाजार जाकर व्यापारियों को जागरूक करेगा और देश के आर्थिक सम्मान को बढ़ाने में योगदान देगा।

By editor