विजय शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला, गांधी के नाम पर राजनीति का आरोप

प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा बयान दिया है।
विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी के नाम का केवल राजनीतिक उपयोग किया, लेकिन कभी भी उनके विचारों को आत्मसात नहीं किया।

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने वर्षों तक गांधी जी के नाम का लाभ उठाया, जबकि महात्मा गांधी के विचार रामराज्य की परिकल्पना पर आधारित थे।
गृहमंत्री का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी उन्हीं विचारों को धरातल पर उतारने और रामराज्य की अवधारणा को साकार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

विजय शर्मा ने सरकार की योजनाओं को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं में केवल नाम ही नहीं, बल्कि काम में भी व्यापक बदलाव किया गया है।
पहले योजना के तहत अधिकतर गड्ढा खोदने और मिट्टी से जुड़े सीमित कार्य कराए जाते थे, लेकिन अब इसमें व्यापक संशोधन किए गए हैं।

अब इन योजनाओं के माध्यम से स्कूलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास, आधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण, पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन जैसे कार्य शामिल किए गए हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विजय शर्मा ने कहा कि जवाहर रोजगार योजना से नरेगा में बदलाव इसलिए किया गया था क्योंकि कुछ नया और प्रभावी लाना जरूरी था।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब जब भाजपा इस योजना को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ा रही है, तो कांग्रेस हर बात पर सवाल खड़े कर रही है।

नक्सल विरोधी अभियान को लेकर भी गृहमंत्री ने बड़ा दावा किया।
उन्होंने कहा कि बीजापुर और सुकमा में हुए नक्सल विरोधी अभियानों में उन नक्सलियों को खोजकर मार गिराया गया है, जो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव की शहादत वाली घटना में शामिल थे।
विजय शर्मा ने विश्वास जताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चेतन बघेल की जमानत को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि यह प्रवर्तन निदेशालय से जुड़ा मामला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जमानत मिलना एक अलग प्रक्रिया है, जबकि अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है।

By editor