वायशेप ब्रिज हादसा — ई रिक्शा पलटने से युवती की मौत, मां घायल

दुर्ग के वायशेप ब्रिज पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। शाम करीब छह बजे एक ई-रिक्शा अचानक पलट गया, जिसमें सवार मां-बेटी नीचे दब गईं। हादसे में 18 वर्षीय युवती नेहा पटनायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां उषा पटनायक गंभीर रूप से घायल हो गईं।

बताया जा रहा है कि दोनों मालवीय नगर चौक से ई-रिक्शा में बैठकर मॉडल टाउन की ओर जा रही थीं। जैसे ही रिक्शा वायशेप ब्रिज पर बटालियन के रास्ते पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया। पलटने के बाद ई-रिक्शा नीचे गिर पड़ा, जिससे दोनों सवार उसमें फंस गईं।

राहगीरों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।

सूचना मिलते ही यातायात विभाग की हाइवे पेट्रोलिंग, सुपेला थाना और स्मृति नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

यह हादसा एक बार फिर शहर की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है।

By editor