राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका की पहचान भिलाई-3 निवासी मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक मुस्कान अपने दोस्तों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात वह बाथरूम गई, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। सुबह करीब 5 बजे घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को और भी रहस्यमयी इसलिए माना जा रहा है क्योंकि युवती के साथ रिसॉर्ट में मौजूद अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है और उनसे पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। अब सभी की नजर इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच पर टिकी हुई है।

