राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर आज शहर में किसानों के सम्मान और उनकी अहमियत को लेकर एक खास पहल देखने को मिली।
इस मौके पर शहर के लोगों ने किसानों के लिए दौड़ लगाई और फिट इंडिया का संदेश दिया।
किसानों को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस किसान रन में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौड़ में 8 साल के नन्हे बच्चों से लेकर 60 साल तक के बुजुर्गों ने उत्साह के साथ भाग लिया और यह संदेश दिया कि फिट रहना हर उम्र में जरूरी है।
कार्यक्रम की शुरुआत बीएसपी के कार्यकारी निदेशक पवन कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई।
दौड़ के दौरान पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जहां प्रतिभागियों ने किसानों के सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बीएसपी ईडी पवन कुमार ने कहा कि किसानों के नाम पर ऐसे आयोजन बहुत कम होते हैं, लेकिन भिलाई इस्पात संयंत्र हमेशा ऐसे आयोजनों का समर्थन करता है, जो लोगों को सेहतमंद बनाने का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे किसी भी माध्यम से हो, अगर लोग सुबह उठकर दौड़ लगाते हैं और ऐसे आयोजनों में शामिल होते हैं, तो वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि समाज स्वस्थ और जागरूक बन सके।

