रायपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मानित कलाकार तीजन बाई का हाल-चाल फोन पर जाना।
प्रधानमंत्री ने तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख से करीब 1 मिनट 18 सेकंड तक बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने तीजन बाई की सेहत के बारे में विस्तार से जानकारी ली और चिंता व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
वेणु देशमुख ने प्रधानमंत्री को बताया कि तीजन बाई की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं है।
वे खाना नहीं खा पा रही हैं, इसलिए उन्हें सूप बनाकर पिलाया जाता है।
प्रधानमंत्री की इस संवेदनशील पहल से पूरा परिवार भावुक हो उठा।
बातचीत के दौरान तीजन बाई की बहू ने प्रधानमंत्री से एक विशेष अनुरोध भी किया —
उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति इस समय कमजोर है, इसलिए सरकार से निवेदन है कि घर के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि परिवार का गुजर-बसर सही ढंग से हो सके।
कला के क्षेत्र में तीजन बाई ने पंडवानी लोककला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
उनकी जीवन यात्रा और संघर्ष ने न सिर्फ छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
प्रधानमंत्री का यह कदम कलाकारों के प्रति सम्मान और संवेदना का प्रतीक माना जा रहा है।

