राजधानी रायपुर और बिलासपुर में आज प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है।
रहेजा ग्रुप और मीनाक्षी ट्रेडर्स संचालक सुल्तानिया ब्रदर्स के ठिकानों पर सुबह-सुबह छापेमारी की गई।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के जवाहर मार्केट स्थित रहेजा ग्रुप के मकान पर ईडी की टीम ने दबिश दी।
वहीं, बिलासपुर में सुल्तानिया परिवार के क्रांति नगर स्थित आवासीय और कारोबारी ठिकानों को खंगाला गया।
कार्रवाई के दौरान इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया और अंदर बंद कमरों में दस्तावेजों की गहन तलाशी ली गई।
अचानक हुई इस छापेमारी से व्यापार जगत में हड़कंप मच गया और पूरे शहर में चर्चा तेज हो गई।
सूत्रों का कहना है कि ईडी की यह कार्रवाई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और संभावित कोयला कारोबार से जुड़ी गड़बड़ियों पर केंद्रित है।
हालांकि अब तक प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उधर, सुल्तानिया परिवार और मीनाक्षी ट्रेडर्स ने भी इस मामले में चुप्पी साध रखी है।

