मुख्यमंत्री ने लघु फिल्म कजरी द बैटल फॉर फ्रीडम की करी सराहना

भिलाई।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में ग्राम बगिया निवास कार्यालय में एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा मानव तस्करी पर लिखित एवं निर्देशित लघु फिल्म ”कजरी“ द बैटल फाॅर फ्रीडम का भव्य प्रथम प्रदर्शन किया गया।इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सहित भारी संख्या में अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं आम ग्रामीणजन उपस्थित थे। फिल्म को देखकर मुख्यमंत्री ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के कार्य की सराहना करते हुये कहा कि यह फिल्म बहुत ही शिक्षाप्रद एवं रोचक है, फिल्म में मानव तस्करी की बारिकियों से अवगत कराया गया है कि तस्कर किस प्रकार कार्य करते हैं। इस फिल्म से निष्चित् ही लोगों में जनजागरूकता, सतर्कता बढ़ेगी एवं व्यवहारिक जीवन में उपयोगिता बढ़ेगी। परिवार के साथ-साथ आस-पड़ोस के लोगों को भी बतायें कि अनजान लोगों से सोशल मीडिया में दोस्ती न रखे।मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने फिल्म को देखकर कहा कि “इस फिल्म को सोशल मीडिया के माध्यम से एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार प्रदर्शन किया जाना चाहिये।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने फिल्म के बारे में बताया कि मानव तस्करों द्वारा किस प्रकार सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र की भोली-भाली बच्चियों को बरगलाकर, फंसाकर उनके जीवन से खिलवाड़ किया जाता है, उसके बाद पुलिस द्वारा किस प्रकार उनका रेस्क्यू किया जाता है इसे बताया गया है। फिल्म को यूट्यूब पर रिलीज किया जा चुका है। गौरतलब है कि एसएसपी शशि मोहन सिंह उम्दा कलाकार हैं, इसके पूर्व भी वे भोजपुरी एवं छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। उनकी यातना, गोमती एवं कोटपा को राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। फिल्म में शशि मोहन सिंह स्वयं एसपी की भूमिका में हैं, छालीवुड की मशहूर कलाकारा नंदनी सिन्हा डीएसपी की भूमिका में हैं। इस फिल्म की स्टोरी शशि मोहन सिंह एवं स्क्रीनप्ले तोरण राजपूत ने लिखी है।

By editor