महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के मठ मंदिरों में बुधवार सुबह 4 बजे से ही भक्तों का ताता लगा रहा। जिले के प्रसिद्ध ऐतिहासिक देव बलौदा के महादेव मंदिर में दुर्ग जिले के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे सभी श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ का दुग्ध अभिषेक जलाभिषेक करने होड लगी रही। सभी ने महादेव से सुख समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा देव बलौदा के प्रसिद्ध मंदिर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भी उपस्थित हुए जिन्होंने प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर भगवान की पूजा अर्चना की। इसी तरह भिलाई दुर्ग के शिवालयों में महादेव की पूजा करने सुबह से देर शाम तक भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा। बैकुंठधाम मंदिर में भी भक्तों की भीड़ बड़ी संख्या में उमड़ी। महिलाएं बच्चे पुरुष सभी महादेव की भक्ति में लीन नजर आए। विभिन्न मठ मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए। साथ ही अनेक स्थानों में महादेव के भक्तों द्वारा भंडारे का आयोजन भी किया गया। मंदिरों की साज सज्जा भी आकर्षण का केंद्र बने रही। महाशिवरात्रि पर शहर का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय नजर आया।

