महापर्व छठ की तैयारियों में भिलाई शहर हुआ सराबोर

महापर्व छठ पूजा की रौनक भिलाई शहर में नजर आने लगी है।
आज नहाए-खाए के साथ व्रतियों ने इस पावन पर्व की विधिवत शुरुआत की।
घर-घर में सात्विक भोजन बनाया गया, मिट्टी के चूल्हे सजाए गए, और गेहूं-चावल धोकर सुखाए गए — ताकि कल के खरना के लिए सब कुछ शुद्ध और पवित्र रहे।

कल से तीन दिनों का कठिन व्रत शुरू होगा, जिसमें व्रती बिना अन्न-जल के रहकर सूर्य देव और छठी मइया की आराधना करेंगे।

इधर, शहर प्रशासन ने भी कमर कस ली है — तालाबों की सफाई, घाटों की रंग-रोगन, और बिजली व्यवस्था को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
भिलाई के 20 से अधिक तालाबों में सोमवार की शाम व्रती डूबते सूर्य को अर्घ देंगे, जबकि मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को जल अर्पित कर व्रत पूरा करेंगे।

सबसे ज्यादा भीड़ सुपेला, छावनी, बैंकुठधाम, सूर्यकुंड, कोहका और मुक्तिधाम तालाबों में उमड़ने की संभावना है।
सुपेला के पुराने तालाब में अभी भी सफाई का दौर जारी है।

बाजारों में भी छठ पूजा की रौनक चरम पर है —
दौरा, सूपा, मौसमी फल, पारंपरिक दीये और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ लगी हुई है।
हालांकि पूजा के लिए फल और टोकरी लोग कल ही खरीदने वाले हैं, लेकिन कई श्रद्धालुओं ने आज ही खरीदारी शुरू कर दी है।

वहीं शहर के प्रमुख तालाबों — सेक्टर 2, सेक्टर 7, राधिका नगर और बैंकुठधाम तालाबों — को विशेष रूप से सजाया गया है।
रात को घाटों पर रोशनी की जगमगाहट और भक्तिभाव का माहौल देखने लायक होगा।

By editor