मंदिर से लौट रही महिला की पिटाई का वीडियो वायरल

मंदिर से लौट रही एक महिला को रिसाली निगम की पार्षद और उसकी बेटी द्वारा पीटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। घटना भिलाई के रिसाली क्षेत्र की है, जहां घर के पास साफ-सफाई और गंदगी की शिकायत को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई।

पीड़िता संध्या पति सूरज सिंह ने भिलाई नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। संध्या ने बताया कि सुबह वह पूजा के लिए मंदिर जा रही थी। पार्षद माया यादव के घर के सामने से गुजरते समय मां-बेटी किसी से बहस कर रही थीं और गाली-गलौज कर रही थीं। संध्या ने इसे अनसुना कर दिया और मंदिर चली गई, लेकिन लौटते समय हालात अचानक बिगड़ गए।

करीब 10 बजकर 15 मिनट पर जब वह मंदिर से वापस आई, तभी पार्षद माया और उसकी बेटी आंचल ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पार्षद ने पहले गालियां दीं, मारने की धमकी दी और फिर अचानक हमला कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पार्षद महिला को डंडे से पीट रही है। पीड़िता को गंभीर चोटें आई हैं।

मामले की जड़ साफ-सफाई को लेकर की गई शिकायत बताई जा रही है। क्षेत्र में जलजमाव और गंदगी की समस्या से परेशान रहवासियों ने कुछ दिन पहले महापौर और नगर निगम आयुक्त को शिकायत दी थी। इसी रंजिश में पार्षद द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आई है।

वहीं दूसरी ओर, पार्षद माया ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि “ये लोग ही मेरे घर में घुसकर मारपीट करने आए। मेरे आंख का अभी ऑपरेशन हुआ है, और दो महीने से ये लोग मेरे पीछे पड़े हैं।”

फिलहाल पुलिस ने पार्षद माया और उनकी बेटी आंचल के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेज़ी से फैल रहा है और लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

By editor