भिलाई 3 में कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग

दिनांक 03 नवंबर 2025, समय लगभग सुबह 6 बजकर 30 मिनट।
भिलाई-3 क्षेत्र स्थित श्री वकील खान की कबाड़ी दुकान से अचानक धुआं उठने लगा।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों ने तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में एक दमकल टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
दलप्रभारी भगवती बंजारे के नेतृत्व में फायर कर्मी कुलेश्वर सिंह, नितिन रामटेक, उमाशंकर और पराग भोसले की टीम ने मौके पर पहुँचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलती दुकान के भीतर प्रवेश किया
और केवल एक गाड़ी पानी की मदद से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

हालांकि आगजनी में कबाड़ी दुकान में रखे लाखों रुपए के सामान जलकर राख हो गए।
अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

अग्निशमन विभाग की तत्परता और साहस ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
मौके पर किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

By editor