भिलाई विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

भिलाई शहर के सर्वांगीण विकास कार्यों का निरीक्षण कलेक्टर अभिजीत सिंह, महापौर नीरज पाल और निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने किया।

सबसे पहले अधिकारियों ने राधिका नगर पानी टंकी के पास बने स्लॉटर हाउस का अवलोकन किया। स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली ने बताया कि यहां पशुओं का लैब टेस्ट अनिवार्य होगा और रोग रहित प्रमाणित मांस ही बाजार में बिक सकेगा। कलेक्टर ने स्लॉटर हाउस की मशीनों का बारीकी से निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि बिना प्रमाणित मांस की बिक्री पर रोक लगाई जाए।

इसके बाद शहीद उद्यान में निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि इस ई-लाइब्रेरी से कोचिंग और पढ़ाई के लिए आने वाले बच्चों को सुकून भरा और बेहतर माहौल मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक पार्क, प्रियदर्शनी परिसर से गुजरने वाले रोड, स्विमिंग पूल, हॉर्स राइडिंग और नालंदा परिसर स्थल की भी समीक्षा की गई। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन ई-सिटी बस सेवा स्टॉपेज का भी निरीक्षण हुआ। कलेक्टर ने एजेंसी को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैटरी चालित ई-सिटी बस सेवा शुरू होने से जिले के सभी रूटों पर सफर करने वालों को सुविधा मिलेगी और माना एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी भी संभव होगी। साथ ही यह सेवा पर्यावरण के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित होगी।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के जोन आयुक्तों और इंजीनियरों सहित निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

By editor