भिलाई से इस वक्त एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है,जहां सरकारी राशन दुकानों में चल रही राशन की कालाबाजारी का खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने खुद मौके पर पहुंचकर खुलासा किया है।गरीब और जरूरतमंदों के लिए आया सरकारी राशन खुलेआम दुकान संचालकों द्वारा कालाबाजारी में बेचे जाने की बात सरप्राइज जांच में सामने आई है। खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा जब भिलाई टाउनशिप की कुछ सरकारी राशन दुकानों का औचक निरीक्षण रने पहुंचे, तो दुकानों की स्थिति देखकर वे खुद भी हैरान रह गए। जांच के दौरान यह पाया गया कि दुकानों के स्टॉक रजिस्टर में जितना राशन दर्ज है, उसका आधा राशन भी दुकानों में मौजूद नहीं था। कई दुकानों में तो राशन पूरी तरह गायब था और उसके संबंध में पंजी में कोई स्पष्ट रिकॉर्ड भी नहीं मिला।
ऐसा ही एक गंभीर मामला भिलाई सेक्टर चार की सरकारी राशन दुकान में सामने आया, जिसका संचालन छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार जागेश्वरी मेश्राम द्वारा किया ज रहा है। जब खाद्य आयोग के अध्यक्ष इस दुकान पर पहुंचे, तो दुकान पहले बंद मिली।बाद में संचालक के पहुंचने पर दुकान के अंदर चावल के बोरे इस तरह रखे गए थे कि वहां जांच कर पाना मुश्किल हो गया,जबकि नियमों के अनुसार बोरों को व्यवस्थित ढंग से जमाकर रखना अनिवार्य है।मामले की गंभीरता को देखते हुए
खाद्य विभाग के अधिकारी मौके पर बुलाए गए।हमालों की मदद से बोरों को बाहर निकलवाकर गिनती कराई गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
स्टॉक रजिस्टर में जहां 1058 बोरे चावल मौजूद बताए गए थे,वहीं गिनती में मात्र 507 बोरे ही दुकान में पाए गए। इस तरह करीब ढाई सौ क्विंटल अनाज कम पाया गया। खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर वे पूरे प्रदेश के जिलों में सरकारी राशन दुकानों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं, और इसी कड़ी में आज भिलाई पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने पांच राशन दुकानों का निरीक्षण किया है,जिसमें केवल एक दुकान में
सभी व्यवस्थाएं सही पाई गईं, जबकि चार दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। फिलहाल खाद्य विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By editor