छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच का घरेलू विवाद एक खूनी घटना में बदल गया।
बताया जा रहा है कि देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे इतना बढ़ गई कि गुस्से में आकर पत्नी ने खौफनाक कदम उठा लिया।
आरोप है कि पत्नी ने घर में रखे सीललोढ़ा से पति के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि मौके पर ही पति की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस वजह से यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक जान चली गई।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि घरेलू विवाद अगर समय रहते नहीं सुलझाए जाएं, तो वे कितने खतरनाक परिणाम ले सकते हैं।

