भिलाई में नवरात्रि आरती के दौरान दर्दनाक हादसा

भिलाईनगर, 29 सितंबर।
नवरात्रि की आरती के बीच भक्ति का माहौल अचानक मातम में बदल गया। सुपेला थाना अंतर्गत फरीद नगर लाल मैदान के पास रविवार की शाम एक दुर्गा पंडाल में भयंकर सड़क हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार हाइवा ने 12 वर्षीय मासूम सूर्या धुर्वे को अपनी चपेट में ले लिया।

तेज रफ्तार से दौड़ते हाइवा ने मासूम को न केवल टक्कर मारी बल्कि कई मीटर तक घसीटता चला गया। इस हादसे में बच्चे का एक हाथ शरीर से अलग हो गया और घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

गुस्साई भीड़ ने तत्काल हाइवा रोककर जमकर तोड़फोड़ की और चालक की बुरी तरह पिटाई कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ के बीच से ड्राइवर को बचाना पड़ा।

भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि हादसा शाम 6 से 7 बजे के बीच डेरा बस्ती के पास हुआ, जहां माता के पंडाल में आरती चल रही थी। घायाल सूर्या को स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों ने फिलहाल स्थिति स्थिर बताई है।

वहीं चालक को पुलिस ने सुपेला अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया और अब मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

By editor