भिलाई निगम ने धार्मिक संस्थाओं के नाम पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अयप्पा नगर स्थित आनंद विहार और उल्लास नगर की ईडब्ल्यूएस भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। करीब 12 वर्षों से कब्जे में रही इस जमीन पर बने मदरसे समेत अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, चार थाना प्रभारियों, एसडीएम, तहसीलदार और निगम प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस ने चारों ओर से घेर रखा था।
निगम आयुक्त राजीव पांडे ने बताया कि वर्ष 2014 से लगातार कब्जा हटाने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। हाई कोर्ट के निर्देश और प्रशासनिक सहयोग के बाद आखिरकार यह कार्रवाई संभव हो सकी।
करीब सवा एकड़ ईडब्ल्यूएस भूमि पर अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंदों के लिए आवास बनाए जाएंगे। खास बात यह रही कि तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया।

