दुर्ग जिले के भिलाई में जामुल थाना के मनसा कॉलेज के सामने होटल रुद्राक्ष से दो लड़के हेरोइन (चिट्टा) बेचते और पीते हुए गिरफ्तार किए गए हैं। एक लड़का कांग्रेस नेता तो दूसरा बड़े अधिकारी का बेटा है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जामुल पुलिस को रविवार शाम सूचना मिली थी कि होटल रुद्राक्ष के कमरा नंबर 106 में दो लड़के ठहरे हुए हैं। दोनों के पास महंगा नशीला पदार्थ है। उसे खरीदने के लिए उनके पास कई बड़े घरों के लड़के पहुंच रहे हैं।
जामुल थाना प्रभारी राजेश मिश्रा और सीएसपी हरीश पाटिल की टीम ने मौके पर जाकर कार्रवाई की। उन्होंने कमरा नंबर 106 में छापा मारा तो वहां से वैभव सोनी (24 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई और शुभम सिंह (25 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल नशे की हालत में मिले।
8 लाख रुपए का चिट्टा जब्त
पुलिस ने जब उनकी और कमरे की तलाशी ली तो उनके पास से 65 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। जिसकी बाजार कीमत 8 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन और इनोवा कार जब्त की गई।
घऱ से तीन किलोमीटर दूर होटल लेकर करते थे नशा
होटल के केयरटेकर ने बताया वैभव सोनी ने शुक्रवार रात को कमरा बुक किया था। शुभम सिंह भी उसके कमरे में नशा करने पहुंचा था। उसका कहना था कि ये लोग और इनके जैसे कई लड़के यहां इसी तरह रूम बुक करते हैं और अंदर महंगा नशा करते हैं। उसका कहना है कि कमरे के अंदर लोग क्या करते हैं उन्हें पता नहीं रहता, इसलिए वो कुछ नहीं बोल पाते हैं।
क्राइम ब्रांच के सिपाही द्वारा होटल संचालन की जानकारी
जिस होटल के कमरे में चिट्टा के साथ दो युवक पकड़ाए हैं, उसके केयरटेकर ने बताया कि होटल का संचालन श्रृष्टि साहू और मुकेश सिंह के नाम पर हो रहा है। इसे दुर्ग क्राइम ब्रांच के एक सिपाही द्वारा संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण से यहां पर पुलिस जल्दी रेड की कार्रवाई नहीं करती है। एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर का कहना है कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच करेगी।
पंजाब से मंगवाते थे हिरोइन
जांच में सामने आया है कि वैभव सोनी आदतन नशेड़ी है और पहले भी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका है। पिता के रोकने और पैसे न देने पर वह पंजाब से हेरोइन मंगवाकर उसे भिलाई में डबल रेट में बेचकर अपना नशे का शौक पूरा करता था।

