भिलाई के कुम्हारी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर–दुर्ग फोरलेन पर एक मिनी ट्रक पलटने से अफरा–तफरी मच गई। मिनी ट्रक में साबुन बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल लोड था। टायर फटने से अनियंत्रित ट्रक पलट गया और पीछे लोड टेंकर सड़क पर गिरकर फट गया। देखते ही देखते केमिकल बहकर खारुन ग्रीन कॉलोनी तक फैल गया।
ज्वलनशील केमिकल घरों के नजदीक पहुंचने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आनन-फानन में पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से लेकर कॉलोनी तक फैले केमिकल पर रेत डलवाकर हालात काबू में किए।
घटना के चलते रायपुर–दुर्ग फोरलेन पर घंटों जाम की स्थिति रही। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल ट्रैफिक पुलिस ने मिनी ट्रक को साइड में लगवाकर यातायात को बहाल किया है।

