भिलाई से इस वक्त एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है।
भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन कंपनी में आज काम के दौरान एक श्रमिक की हाइड्रा क्रेन के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक श्रमिक की पहचान उदीत मांझी के रूप में हुई है, जो कंपनी में हेल्पर के तौर पर कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार, हाइड्रा क्रेन के माध्यम से लोहे का भारी सामान लोड किया जा रहा था।
इसी दौरान सामान में जंजीर बांधने के लिए हेल्पर उदीत मांझी क्रेन के पास खड़ा था।
तभी अचानक क्रेन ऑपरेटर से लापरवाही बरतते हुए क्रेन आगे बढ़ गई और सीधे उदीत मांझी पर चढ़ गई।
हादसा इतना गंभीर था कि उदीत मांझी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में घायल अवस्था में उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अब हादसे के कारणों और क्रेन ऑपरेटर की भूमिका की जांच में जुट गई है।
फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

