भिलाई से बड़ी खबर… भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित स्वच्छता अभियान का आज भव्य समापन किया गया। यह समापन कार्यक्रम महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के विशेष अवसर पर आयोजित किया गया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान लगातार पखवाड़े भर चलता रहा, जिसमें जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियाँ की गईं।
समापन दिवस की शुरुआत सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से हुई। यहां शास्त्री जी की प्रतिमा की सफाई की गई, माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद अस्पताल परिसर में कार्यरत सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया और स्वच्छता के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इसी कड़ी में कैंप-2 के जलेबी चौक पर भी विशेष कार्यक्रम हुआ। यहाँ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की सफाई की गई और दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें नमन किया गया।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री और स्वच्छता अभियान के संयोजक विजेंद्र सिंह ने किया। साथ ही प्रेमलाल साहू, संजय दानी, त्रिलोचन सिंह, नरेंद्र यादव, गीता विश्वकर्मा, सरला आचार्य, स्वीटी कौशिक, तरुण सिंह और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को भव्य बना दिया।
सेवा पखवाड़ा के इस समापन कार्यक्रम के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जन-जन तक पहुँचाने और गांधी-शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

