भिलाई।भिलाई स्टील प्लांट के ठेका मजदूरों की सुविधाओं में बढ़ोत्तरी और अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन बीएसपी के मुर्गा चौक में शुक्रवार सुबह किया गया। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के बैनर तले अध्यक्ष संजय साहू के नेतृत्व में मजदूरों की आवाज उठाई गई और डायरेक्टर इंचार्ज अनिर्बान दासगुप्ता के नाम मांग पत्र जीएम आइआर विकास चंद्रा को सौंपा गया।यूनियन का कहना है कि बीएसपी के उत्पादन रखरखाव और लाभार्जन में ठेका श्रमिकों का विशेष योगदान है। भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन एवं स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के प्रयास से बीएसपी में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं का लगातार निदान हो रहा है। उनकी सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए मांग की जा रही है, जिस पर तत्काल पहल होनी चाहिए।
मांग पत्र में प्रमुख रूप से
ठेका श्रमिकों को बीएसपी के एस-1 का वेतन दिया जाए या 26000 रुपया वेतन प्रतिमाह निर्धारण किया जाए, ठेका श्रमिकों को 5% आवास भत्ता दिया जाए या बीएसपी के खाली आवास को आवंटित किया जाए,
बीएसपी के सभी ठेका श्रमिकों का 10 लाख का दुर्घटना बीमा किया जाए,ठेका श्रमिकों की सही उपस्थिति दर्ज होने एवं सही सीपीएफ डालने के लिए बायोमेट्रिक से उपस्थित दर्ज किया जाए ,ठेके में आईटीआई एवं 12वीं सर्टिफिकेट की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए अनुभव के आधार पर श्रमिकों को रखा जाए, ठेका कंपनी बदले लेकिन उस ठेका में पहले से कार्य कर रहे ठेका श्रमिकों ही रखा जाए, ठेका श्रमिकों को रात्रि भत्ता प्रदान किया जाए एवं साइकिल भत्ता, कैंटीन भत्ता एवं हिट एवं डस्ट अलाउंस दिया जाए आदि शामिल हैं।

