भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र एससी एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन के महासचिव विजय कुमार रात्रे ने जानकारी दी कि एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेल एससी एसटी फेडरेशन नई दिल्ली के उपाध्यक्ष कोमल प्रसाद की अध्यक्षता में कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग के अनुसूचित जाति एवं जनजाति के श्रमवीरों का मार्च 2025 में सेवानिवृत्ति होने के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन एसोसिएशन के अस्थाई कार्यालय 56 बी, जी पॉकेट, मरोदा सेक्टर में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद सहित उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों ने बाबा साहब अंबेडकर की छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कोमल प्रसाद ने कहा कि हमारा एसोसिएशन 2005 से लेकर आज 2025 में 20 वर्ष का हो गया है। इन 20 वर्षों में कई समस्याओं का सामना करते आए हैं, और आज भी कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं जिसके कारण ही इस कार्यक्रम को हमारे एसोसिएशन को प्रदत्त भवन के बावजूद हमें यहां पर करना पड़ रहा है, लेकिन आप लोगों की सहभागिता से अवश्य ही हमारा एसोसिएशन बहुत जल्दी ही अपने भवन में गरिमा पूर्ण आयोजन कर पाएगा। आप लोगों ने अपने जीवन के 60 बसंत संयंत्र की सेवा करते हुए बीताये हैं और तन मन धन से स्वस्थ सेवानिवृत्त हो रहे हैं। हम आपको इस सेवानिवृत्त के अवसर पर सम्मान कर स्वयं को सम्मानित महसूस कर रहे हैं ।
आगामी 14 अप्रेल को बाबा साहेब आम्बेडकर जयंती संयुक्त रूप से बृहद स्तर पर मनाई जाएगी।

