बियर की बोतलों को लाइन से रखकर पुलिस को दी चुनौती

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। छावनी थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर असामाजिक तत्वों ने सड़क किनारे बियर की खाली बोतलों को लाइन से सजा दिया। यह दृश्य भिलाई आईटीआई के पास देखा गया।इसे देखने के बाद पुलिस की कार्यशैली और क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।इस हरकत के पीछे कुछ बदमाशों का हाथ हो सकता है जिन्होंने जानबूझकर बियर की बोतलें इस तरह सजाई हैं ताकि क्षेत्र में भय का माहौल बनाया जा सके या लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न की जा सके। इस संबंध में छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि संबंधित थाने को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को घटना स्थल का एक वीडियो भी प्राप्त हुआ है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यदि किसी संदिग्ध की पहचान होती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित रूप से पेट्रोलिंग की जाती है, लेकिन कभी-कभी कुछ कारणों से इसमें कमी आ जाती है। उसी दौरान असामाजिक तत्वों ने इस कृत्य को अंजाम दिया। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

By editor