पुलिस ने चेन स्नेचिंग करने वाले तीन बदमाशों की धरपकड़ की है। आरोपियों से पूछताछ में 9 वारदातों का खुलासा हुआ। बदमाशों ने वैशाली नगर और खुर्सीपार थाना समेत भिलाई नगर थाना और स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और पैंडल समेत एक स्कूटी और बाइक बरामद हुई।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 8 मई को वैशाली नगर थाना में बी. प्रभावती एवं थाना खुर्सीपार में ए.मीना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह टहलते समय दो अज्ञात व्यक्तियों ने पीछे से वाहन में आकर गले से सोने की चेन छीनकर भाग गए। मामले में अपराध दर्ज कर चेन स्नेचरों की पतासाजी की जा रही थी। इस बीच फरार आरोपी दीपक उर्फ दीप सिंह चोरी की स्कूटी के साथ खुर्सीपार क्षेत्र में दिखाई दिया। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर अपने साथी सूरज उर्फ गेंडा उड़िया के साथ 8 मई को वैशाली नगर और खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
इसके अलावा भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर 8 में बुजुर्ग महिला से 3 मई को स्नेचिंग करने की जानकारी दी। स्मृति नगर में भी वारदात को कबूल किया। इसके अलावा चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने के लिए 30 अप्रैल को छावनी चौक से बाइक और 6 मई को कबीर नगर रायपुर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किए। इसके बाद चेन एवं पैंडल को रायपुर निवासी मंजू साहू को बेच दिया। आरोपी दीपक की निशानदेही पर वारदात में शामिल सूरज उर्फ गेंडा उड़िया और सोना खरीदने वाली महिला मंजू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

