भिलाई।देश की सीमाओं पर तैनात और छत्तीसगढ़ में आंतरिक सुरक्षा कर रहे सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने आज 5 सौ से ज्यादा पौधे रोप कर पर्यावरण दिवस मनाया। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर बीएसएफ के भिलाई स्थित फ्रंटियर में आईजी आनंद प्रताप सिंह आज से पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि फ्रंटियर कैंपस में आज 5 सौ पौधे लगाकर इसकी शुरुआत की जा रही है। इसके बाद छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों में तैनात बीएसएफ की बटालियन और कंपनी में हजारों पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे लगाने चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। क्योंकि हमें प्रकृति ने जो दिया है उसे वापस करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर बीएसएफ के कई अधिकारी और जवानों ने मिलकर पूरे कैंपस में पौधे लगाकर उसके देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।
प्रकृति ने जो दिया उसे वापस करना हमारी जिम्मेदारी: आईजी बीएसएफ आनंद प्रताप सिंह

