दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र से एक अनोखे आंदोलन की तस्वीर सामने आई है। खाद-बीज और आवास जैसी मूलभूत मांगों को लेकर ग्रामीणों ने जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि दुर्ग-पाटन के इतिहास में पहली बार इस तरह का बड़ा आंदोलन देखने को मिल रहा है।
ग्राम कुर्मीगुंडरा के लक्ष्मी सागर तालाब में सैकड़ों महिला और पुरुष पानी के भीतर खड़े होकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। आंदोलन की शुरुआत से पहले ग्रामीणों ने भगवान शिव का अभिषेक किया और देश के कृषि मंत्री तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम विशेष पूजा-अर्चना भी की।
वहीं आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह और रानीतराई पुलिस की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ नहीं मिलता, तब तक यह जल सत्याग्रह लगातार जारी रहेगा।

