नंदिनी थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध हत्या, सिर पर गंभीर चोट के निशान

दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है,
जहां 45 वर्षीय महिला कुंवारीन बाई यादव का शव उसके झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है।

मृतका, जो घर-घर जाकर साफ-सफाई का काम करती थी,
पिछले एक महीने से नंदिनी टाउनशिप में स्टेट बैंक के पीछे स्थित झोपड़ी में अकेले रह रही थी।

रविवार की सुबह, जब आसपास के लोगों ने महिला की झोपड़ी का दरवाजा नहीं खुलते देखा,
तो उन्होंने झांककर देखा — जहां महिला मृत अवस्था में पड़ी थी,
और सिर पर गहरी चोट के निशान थे, कान से खून बह रहा था।

सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची,
और घटना को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई।

एसएसपी विजय अग्रवाल और दुर्ग सीएसपी अलेक्जेंडर किरो भी मौके पर पहुंचे।
साथ ही फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच में शामिल किया गया है।
मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है,
और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया है।

हत्या कैसे हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे — इसका खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि किसी संदिग्ध की पहचान की जा सके।

By editor