दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक में किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था में हो रही अनियमितताओं और समस्याओं को लेकर आवाज़ तेज कर दी है। किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपकर तीन प्रमुख मांगों के त्वरित निराकरण की मांग की है। किसान बंधु संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबे समय से किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय में तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसमे पहली बड़ी समस्या है – धान खरीदी का टोकन सिस्टम किसानों का आरोप है कि टोकन वितरण में घोर मनमानी और भ्रष्टाचार हो रहा है। समय पर टोकन नहीं मिलने से किसान खुले में धान की ढेरियां लगाने के लिए मजबूर हैं, जिससे धान खराब हो रहा है। वही दूसरी समस्या है — बारदाने की कमी किसानों ने कहा कि बारदाना उपलब्ध नहीं होने के कारण तौल और खरीदी प्रभावित हो रही है। कई किसानों की उपज खरीदी केंद्र में पड़ी हुई है, लेकिन बारदाना के अभाव में तुलाई नहीं हो पा रही और तीसरी बड़ी शिकायत है — शराब दुकान के पास अवैध गतिविधियों की जांच किसानों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास अवैध वसूली और असामाजिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र का वातावरण खराब हो रहा है। इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है।ज्ञापन के ज़रिये संगठन ने प्रशासन से साफ कहा है कि किसानों की परेशानी बढ़ने से पहले टोकन व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता और अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन की चेतावनी भी दे रहे हैं।

