धमधा में खूनी संघर्ष – रायपुर से बुलाए बदमाशों का हमला

धमधा थाना क्षेत्र के घोटवानी गांव में देर रात अचानक खूनी संघर्ष से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

दरअसल, मामूली विवाद—बंदर भगाने को लेकर इतना बढ़ गया कि एक पड़ोसी ने रायपुर से युवकों को बुलाकर हमला करवा दिया।

तेज रफ्तार दो कारों में सवार आठ से ज्यादा नकाबपोश बदमाश गांव में दाखिल हुए और कोमल वर्मा के घर पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में घर की महिलाओं को भी चाकू से घायल कर दिया गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित परिवार ने धमधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पंचू वर्मा और उसके बेटे पप्पू वर्मा ने रायपुर से बदमाश बुलाए और उनके साथ मिलकर घर में घुसकर हमला किया।

गांववालों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल है। घायल महिलाओं का इलाज जारी है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अब तक चार बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा।

By editor